राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में स्केटिंग रिंग पर शेड निर्माण कार्य का किया शिलान्यास

0
36
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को राजभवन लखनऊ परिसर में स्थित स्केटिंग रिंग के ऊपर शेड निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह कार्य नगर निगम लखनऊ द्वारा वित्तपोषित किया जा रहा है, जिसकी कुल लागत 56.47 लाख रुपये है।
इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि सामान्यतः खुले वातावरण में खेल अधिक लाभकारी होते हैं, लेकिन बच्चों को गर्मी-सर्दी से सुरक्षा और निरंतर अभ्यास के अनुकूल माहौल प्रदान करने के लिए शेड आवश्यक है।  यह निर्माण कार्य अगले दो महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। राज्यपाल ने कहा कि स्केटिंग रिंग का उपयोग अन्य विद्यालयों के बच्चे भी कर सकेंगे।
उन्होंने निर्देश दिया कि राजभवन के बच्चे स्केटिंग में राज्य स्तर तक उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, इसलिए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने हेतु विशेष प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए एसबीआई बैंक की सहायता से स्कूल बस की सुविधा प्रदान की गई है।
उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे बच्चों की उपस्थिति पर सतत नजर रखें, आवश्यकता पड़ने पर अभिभावकों से घर जाकर संवाद स्थापित करें और बच्चों को विद्यालय आने के लिए प्रेरित करें। राज्यपाल ने कहा कि ”बच्चों में अपार प्रतिभा है, उसे निखारना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।”
आनंदीबेन पटेल ने निर्देश दिया कि विद्यालय के बच्चों को अनावश्यक कार्यक्रमों में न बैठाया जाए, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन तृतीय पक्ष द्वारा कराने और स्वयं कॉपियों की जांच करने की भी बात कही। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, समय से होमवर्क तथा पौष्टिक भोजन का महत्व समझाया। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चे प्रतिदिन महात्मा गांधी की आत्मकथा का अध्ययन करें।
राज्यपाल ने यह भी सुझाव दिया कि राजभवन परिसर में रहने वाले बच्चों को समय-समय पर समूहों में बाहर ले जाकर उनमें अनुशासन, व्यवहारिक ज्ञान और बाहरी वातावरण के प्रति अनुकूलन क्षमता विकसित की जाए। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने घोषणा की कि राजभवन में आंगनबाड़ी केंद्र की स्थापना की जाएगी, जिसमें तीन से छह वर्ष आयु के बच्चे प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से स्केटिंग रिंग पर शेड लगाने का कार्य आरम्भ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का विशेष ध्यान सदैव बच्चों के पोषण, सुरक्षा और शिक्षा पर केंद्रित रहा है। उन्होंने विश्व शौचालय दिवस पर नागरिकों को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता हर नागरिक का कर्तव्य है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here