छठी मैया का अपमान… बिहार के मुजफ्फरपुर से PM मोदी ने किया पलटवार, कांग्रेस-राजद को घेरा

0
39
मुजफ्फरपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरूवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने छठी मैया का अपमान किया है, जिसे बिहार की जनता कभी नहीं भूलेगी।  मोदी ने आज मोतीपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि छठ महापर्व के बाद यह उनकी पहली जनसभा है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार और देश का गौरव है। देश और दुनिया में छठ महापर्व मनाया जाता है।
हम छठ के गीत सुनते हैं, तो भाव विभोर हो उठते हैं। छठी मैया की पूजा में मां की भक्ति है। क्षमता, ममता और सामाजिक समरसता है। ये हमारी साझी विरासत का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आपने देखा है कि आपका ये बेटा छठी मइया की जय-जयकार पूरी दुनिया में करा रहा है। लेकिन कांग्रेस और राजद के के लोग छठी मइया का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा क्या कोई सिर्फ वोट पाने के लिए छठी मइया का अपमान कर सकता है।
क्या बिहार, हिंदुस्तान और वो माताएं जो निर्जला व्रत रखती हैं, ऐसा अपमान बर्दाश्त करेंगी।छठी मइया का अपमान करने वालों को जनता देगी। श्री मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस के नेता बेशर्मी से कह रहे हैं कि छठ पूजा एक नौटंकी है, एक ड्रामा है। उन्होंने पूछा क्या ऐसे लोगों को सजा नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा जो महिलाएं बिना पानी के इतना लंबा व्रत रखती हैं, जो गंगा जी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं, राजद और कांग्रेस के नेताओं की नजर में वो सब ड्रामा करती हैं।
उन्होंने पूछा क्या बिहार की माताएं और बहनें छठी मईया का ये अपमान सहेंगी. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि बिहार का कोई भी व्यक्ति इस अपमान को कभी नहीं भूलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार कोशिश कर रही है कि हमारे छठ महापर्व को यूनेस्को की सूची में शामिल किया जाए। इससे हर बिहारी को गर्व होगा, जब दुनिया में महान विरासत के तौर पर उसका नाम लिया जाएगा। हर हिंदुस्तानी को गर्व होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here