Ram Janmotsav: प्राण प्रतिष्ठा के बाद होने जा रही रामनवमी पर मंदिर विशेष तौर पर सजाया जा रहा है। 500 साल बाद भव्य महल में रामलला का जन्मोत्सव जो मनाया जाने वाला है।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उत्सव में डूबी अयोध्या में अब रामजन्मोत्सव का रंग चढ़ गया है। 500 साल बाद भव्य महल में रामलला का जन्मोत्सव जो मनाया जाने वाला है। इसलिए इस बार उत्सव अलौकिक व भव्य होगा। मंगलवार से अयोध्या रामनवमी के उल्लास में डूब जाएगी। रामनगरी के आठ हजार मठ-मंदिरों में बधाई गान व विविध अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे। राममंदिर आकर्षण के केंद्र में होगा। रामजन्मोत्सव की पावन बेला में रामलला चैत्र प्रतिपदा से रामनवमी तक खादी से निर्मित विशेष वस्त्र धारण करेंगे।

















