उत्तर-पश्चिमी हवाओं से ठंड बढ़ी, कानपुर-बाराबंकी समेत कई जिलों में शीतलहर

0
55
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दिन और रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने की वजह से बीती रात इटावा, बरेली, कानपुर, बाराबंकी एवं अमेठी में शीतलहर का असर दिखाई दिया हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की मौसमी गिरावट होने की संभावना है। जिसके चलते रात एवं भोर के समय प्रदेश के मध्यवर्ती भागों में 16 नवंबर तक आंशिक शीतलहर की स्थिति बरकरार रह सकती है।
वहीं सोमवार से हवाओं की दिशा परिवर्तन के साथ तापमान में गिरावट कम होगी। मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ.एके सिंह ने कहा कि प्रदेश में इस समय कोई सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है, लेकिन पश्चिमी हिमालयीय क्षेत्रों से आ रही ठंडी एवं शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा रही है।
आसमान साफ रहने की वजह से रात में विकिरणीय शीतलन बढ़ गया है, वहीं मध्य भारत पर बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से ठंडी हवाओं के अधोगमन ने भी प्रदेश के मौसम को और अधिक शीतल बना दिया है। उन्होंने कहा कि इन सम्मिलित प्रभावों के परिणामस्वरूप पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में दिन और रात दोनों तापमान सामान्य से काफी नीचे बने हुए हैं।
हालाँकि दिन में धूप निकलने के बाद शीतलहर का प्रभाव काफी हद तक कम हो जाएगा, लेकिन इस अवधि में अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1-4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 17 नवंबर से हवाओं के दिशा परिवर्तन के साथ तापमान में गिरावट की यह प्रवृत्ति थमने लगेगी तथा ठंड में थोड़ी कमी महसूस होगी। इससे प्रदेश को शीतलहर जैसी स्थितियों से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है। इसी दौरान प्रातःकालीन घंटों में हल्की धुंध व कहीं-कहीं हल्का कोहरा भी पड़ सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here