प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से सोलर पैनल लगवाने वाले भवन स्वामियों को नगर निगम हाउस टैक्स, सीवर व जल कर पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत की छूट देगा। ये निर्णय गुरुवार को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। शहर के लगभग 8.5 लाख भवन स्वामियों को इसका फायदा तो मिलेगा ही हरित ऊर्जा को बढ़ावा भी मिलेगा। सड़कों के नामकरण सहित कई अन्य प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।
लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय के राजकुमार हॉल में महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक हुई। महापौर ने बताया कि शहर के विकास के लिए 18 नवंबर को कार्यकारिणी बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट पर चर्चा के बाद प्रस्ताव पास किया जाएगा। इसके बाद 28 नवंबर तक सदन की बैठक में कार्यकारिणी से पास प्रस्तावों को पास कराया जाएगा। बैठक में कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चरनजीत गांधी, भाजपा पार्षद दल उपनेता सुशील तिवारी पम्मी, कार्यकारिणी सदस्य, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों पर नगर निगम करेगा सख्त कार्रवाई
कार्यकारिणी बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में महापौर ने कहा कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों पर नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि झुग्गियों में रहने वाले कई लोगों के पास आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली कनेक्शन से लेकर वोटर कार्ड तक हैं। महापौर ने जोनल अधिकारियों से ऐसे लोगों को की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को आसाम का निवासी बताते हैं उनसे नगर निगम एनआरसी के कागज मांगेगा। बाहरियों की पहचान करके बाहर किया जाएगा।
महापौर-नगर आयुक्त के बीच कम हुईं दूरियां
महापौर और नगर आयुक्त के बीच अधिकारों को लेकर चल रहे गतिरोध के बीच गुरुवार को तीसरी बार आयोजित की गई कार्यकारिणी बैठक में भी हंगामा होने के आसार थे। लेकिन बैठक बिना गतिरोध के सम्पन्न हो गई। इसके साथ ही महापौर-नगर आयुक्त के बीच तनाव और दूरियां भी कम होती दिखीं। बैठक से पहले दोनों ने एक दूसरे को पुष्पगुच्छ भेंट किया। बैठक के बाद दोनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। महापौर और नगर आयुक्त ने कहा कि पिछली बैठकों में लिये गए संकल्पों पर एक हफ्ते में निर्णय हो जाएगा।
नए मॉडल वेंडिंग जोन में बनेंगी 366 दुकानें
नगर निगम शहर में नए मॉडल वेंडिंग जोन बनाएगा। यहां लगभग 366 दुकानें बनाकर वेंडर्स को किराये पर आवंटित की जाएंगी। महापौर ने कहा कि इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा साथ ही वेंडर्स को वेंडिंग जोन में जगह मिल सकेगी। नगर निगम ने अभी तक गोमती नगर में एक मॉडल वेंडिंग जोन बनाया है। जबकि महापौर ने अधिकारियों को प्रत्येक जोन में मॉडल वेंडिंग जोन बनाने के लिए जगह तलाशने के निर्देश दिए थे।
यहां बनेंगे वेंडिंग जोन
-
जोन 8 में स्काई हिल्टन होटल के सामने हिन्द नगर में 28.5 लाख की लागत से 59 दुकानें
-
जोन 4 में मटियारी चौराहे के पास 90 दुकानें
-
जोन 3 में नावेल्टी सिनेमा के पास, पुराना नगर निगम ऑफिस के पास 90 दुकानें
-
जोन 5 में मानक नगर पुल के नीचे 85 दुकानें
-
जोन 4 के विभूति खंड में 90 लाख से 42 दुकानें
-
कम्प्यूटर ऑपरेटरों को एक समान मिलेगा 19,800 रुपये मानदेय
नगर निगम के कम्प्यूटर ऑपरेटरों को अब एक समान 19,800 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। गुरुवार को कार्यकारिणी ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि नगर निगम में अभी तक एक ही पद पर कम्प्यूटर ऑपरेटरों को अलग-अलग मानदेय दिया जा रहा था। 102 कम्पयूटर ऑपरेटर हैं। कर्मचारी संगठनों की मांग पर इस असमानता को खत्म करके अब एकसमान वेतन दिया जाएगा। वहीं कर्मचारी संगठनों ने इस निर्णय पर महापौर और नगर आयुक्त को धन्यवाद दिया है।
शहर के 58 स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं के साथ शुरू होंगी पार्किंग
लगभग 4 वर्षों से निरस्त चल रहीं नगर निगम की 78 पार्किंग फिर शुरू होंगी। इनमें से नगर निगम फिलहाल 58 पार्किंग चालू करने जा रहा है। इसके लिए जल्द ही जोनवार टेंडर निकालने की तैयारी है। टेंडर 5 वर्ष के लिए होगा, इसे 3 वर्ष के लिए और बढ़ाया जा सकेगा। क्षेत्रीय नगर एवं पर्यावरण अध्ययन केंद्र ने इन स्थलों की रिपोर्ट नगर निगम को सौंप दी है। पार्किंग स्थलों की क्षमता और दरें भी निर्धारित हो चुकी हैं। नगर निगम के पार्किंग विभाग द्वारा रखे गए प्रस्ताव को कार्यकारिणी ने मंजूरी दे दी।
ये होंगी दरें
-
दो घंटे के लिए – दो पहिया वाहन 15 रुपये और चार पहिया 30 रुपये
-
24 घंटे के लिए – दो पहिया 57 रुपये और चार पहिया 120 रुपये
-
मासिक पास – दो पहिया 855 रुपये और चार पहिया वाहन 1800 रुपये
-
संस्थाओं को दी जाने वाली जमीनों पर नगर निगम लगाएगा अपना बोर्ड
नगर निगम अब संस्थाओं को दी जाने वाली अपनी जमीनों पर अपना बोर्ड लगाएगा साथ ही कार्यालय भी बनाएगा। जिससे नगर निगम की जमीनों को सुरक्षित किया जा सके। महापौर सुषमा खर्कवाल ने प्रेस काफ्रेंस में पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दरअसल संस्थाएं नगर निगम से जमीनें लेकर उस पर अपना दावा करने लगती थीं। इसके अलावा कई संस्थाएं जमीन का गलत उपयोग करके नगर निगम को क्षति पहुंचा रही हैं।
उद्यान विभाग 100-100 पार्कों का पैकेज बनाकर कराएगा टेंडर
पार्कों के अनुरक्षण को लेकर चल रहे विवाद पर गुरुवार को कार्यकारिणी बैठक में विराम लग गया। महापौर ने बताया कि 100-100 पार्कों का पैकेज बनाकर अनुरक्षण कार्य के लिए टेंडर कराये जाएंगे। दरअसल उद्यान विभाग ने पिछली कार्यकारिणी बैठक में एक जोन एक टेंडर कराने का प्रस्ताव रखा था, जिसका सदस्यों ने विरोध कर दिया था। कार्यकारिणी सदस्य एक वार्ड एक टेंडर कराने पर जोर दे रहे थे।
30 तक सभी मृतक आश्रितों को मिलेगी नियुक्ति
30 नवंबर तक नगर निगम में सभी मृतक आश्रितों को नियुक्ति प्रदान कर दी जाएगी। महापौर ने अधिकारियों को इसके लिए निर्देशित किया। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि 46 में से 31 लोगों की स्क्रीनिंग करके 21 मृतक आश्रितों को नियुक्ति दे दी है। 10 मृतक आश्रितों के आवेदन पर उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने आपत्ति की है। 15 मृतक आश्रितों को इस महीने के अंत तक नियुक्ति दे दी जाएगी।
चौक बड़ी काली जी मंदिर मार्ग पर बनेगा भव्य द्वार
चौक स्थित बड़ी काली जी मंदिर के मुख्य मार्ग पर भव्य द्वार का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालुओं की मांग को देखते हुए (आर्च गेट) के निर्माण का निर्णय लिया गया। यह मंदिर लगभग 500 वर्ष पुराना है और नवरात्रों के दौरान लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर समिति और स्थानीय जनता की मांग को देखते हुए महापौर और नगर आयुक्त की संस्तुति पर कार्यकारिणी ने द्वार निर्माण की स्वीकृति प्रदान की।
चूड़ी वाली गली अब ”श्री 1008 तीर्थकर नेमिनाथ” कहलाएगी
चौक की प्रसिद्ध चूड़ी वाली गली अब श्री 1008 तीर्थकर नेमिनाथ कहलाएगी। भगवान दिगम्बर जैन मन्दिर कमेटी के मंत्री अमित कुमार जैन की मांग पर लखनऊ उत्तरी विधानसभा से भाजपा विधायक नीरज बोरा ने यह प्रस्ताव दिया था, जिसे कार्यकारिणी ने मंजूरी दे दी। इंदिरा नगर सेक्टर 17 पार्क का नामकरण भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी पार्क किया गया।
ये प्रस्ताव भी हुए पास
-
– कठौता चौराहे से शहीद पथ अंडरपास तक सड़क अब राघव राम मिश्रा के नाम
-
– रिंग रोड से सहारा स्टेट तक जाने वाला मार्ग संगीत विदुषी प्रो. कमला श्रीवास्तव
-
– प्रियदर्शनी कालोनी सेक्टर बी स्थित ग्रीन बेल्ट स्थल का नामकरण अहिल्याबाई होल्कर उपवन
-
– पुरनिया रोड पर बनारसी टोला मार्ग स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संत कुमार राय मार्ग
-
– तुलसीदास मार्ग से चौक कोतवाली तक मार्ग डॉ. रतन कुमार सिंह के नाम
-
– डा. राजेश्वर सिंह विधायक, सरोजिनी नगर की अनुशंसा पर ग्राम नटकुर तहसील सरोजिनी नगर की नगर निगम भूमि पर एक कक्ष निर्माण का प्रस्ताव





















