बिहार में जीत की महक… UP भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल, सीएम योगी ने दी बधाई

0
50
लखनऊ। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार दोपहर जमकर जश्न मनाया गया। पार्टी कार्यालय परिसर ढोल-नगाड़ों की थाप, आतिशबाज़ी और विजय नारों से गूंज उठा। भाजपा कार्यालय में उत्साह से भरे कार्यकर्ताओं ने नृत्य कर खुशी का इज़हार किया। इस दौरान उत्साहित भाजपाइयों ने मुस्लिम कार्यकर्ताओं को कंधों पर उठाकर एकता और उत्सव का संदेश भी दिया। माना जा रहा है कि बिहार में मुस्लिम मतदाताओं ने इस बार राजग के पक्ष में खासा समर्थन दिया है।
जश्न में शामिल पार्टी के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “अखिलेश यादव अभी भी एसआईआर को अपनी हार के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। वह मुगालते में हैं और उन्हें आत्ममंथन की जरूरत है।” भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने कहा कि पार्टी को पहले से विश्वास था कि बिहार में राजग शानदार जीत दर्ज करेगा। “हम जानते थे कि इस बार जीत ऐतिहासिक होगी, और वही हुआ।”
भाजपा विधान परिषद सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “राहुल गांधी बिहार के एक पोखर में मुकेश साहनी के साथ मछली पकड़ रहे थे, लेकिन उनके हाथ सिर्फ एक ही मछली लगी। नतीजों में भी उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ, जबकि हमने बड़ी जीत दर्ज की है।” जश्न कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह, मनीष शुक्ल, हीरो बाजपेई और अवनीश त्यागी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
cats
सीएम योगी ने दी बधाई
वहीं सीएम योगी सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, ”बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए गठबंधन की प्रचंड विजय की समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं जनता-जनार्दन का अभिनंदन! यह ऐतिहासिक विजय आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र  मोदी जी के विकासोन्मुख मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों पर बिहार की जनता के अटूट विश्वास की मुहर है। यह जनादेश विकास, सुशासन, समृद्धि और स्थिरता के उस मार्ग का समर्थन है, जिस पर नया बिहार आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here