मलिहाबाद, लखनऊ। सेवा, समर्पण और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला जब स्थानीय सदस्य विधान परिषद रामचंद्र सिंह प्रधान ने अपने जन्मदिन के अवसर को जनकल्याण से जोड़ते हुए सैकड़ों क्षेत्रवासियों को अयोध्या धाम के दर्शन के लिए रवाना किया। सोमवार को कसमण्डी कला गांव से 20 बसों में बैठे 1100 लोगों को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए विदा किया गया।
जन्मदिन के अवसर पर पुनीत कार्य
रामचंद्र सिंह प्रधान ने यह पुनीत पहल अपने निजी खर्च पर की है जिससे क्षेत्र के लोगों को प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या के दर्शन का सौभाग्य मिल सके। कसमण्डी कला गांव में आयोजित इस मौके पर उत्साह और भक्ति का माहौल रहा।
शुभकामनाएं देने उमड़ा जनसैलाब
इस शुभ अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और सैकड़ों लोगों ने एमएलसी को उनके जन्मदिन की बधाई दी और इस नेक कार्य के लिए उनकी सराहना की। इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष द्विवेदी, अनीता प्रधान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह प्रधान, प्रत्युष प्रधान, विकास पाठक, पूर्व सभासद आदित्य अवस्थी, प्रमोद पाठक, डॉ. शकील सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल रहे।
ग्रामीणों ने एमएलसी के इस सामाजिक और धार्मिक पहल की प्रशंसा की जिसने उन्हें अपने जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए क्षेत्र की जनता के साथ जोड़ने का काम किया। यह यात्रा क्षेत्रवासियों के लिए भक्ति और आस्था की एक अविस्मरणीय सौगात साबित होगी।