एसटीएफ ने चारबाग रेलवे स्टेशन से इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया बदमाश प्रतापगढ़ के सांगीपुर में अधिवक्ता भानु पांडेय की हत्या का आरोपी है। उस पर प्रतापगढ़ पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के समय वह ट्रेन से भागने के फिराक में था।
एसटीएफ के डिप्टी एसपी धर्मेश कुमार शाही के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सच्चिदानंद पांडेय प्रतापगढ़ के सांगीपुर स्थित बवारिहा पहाड़पुर का रहने वाला है। उसे चारबाग रेलवे स्टेशन के ऑटो स्टैंड के पास से मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।
डिप्टी एसपी धर्मेश शाही ने बताया कि पूछताछ में सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि उसके रिश्तेदार व दोस्त देवदत्त शुक्ला के घर के पास एक तालाब है। जिसके कब्जे को लेकर लंबे समय से अधिवक्ता भानू प्रताप पांडेय से विवाद चल रहा था।
22 अक्टूबर को कमलनारायण पांडेय, देवदत्त शुक्ला, आदित्य पांडेय, सौरभ दत्त शुक्ला, विपिन शुक्ला व अन्य साथियों ने मिलकर साजिश के तहत भानू प्रताप पांडेय व उनके परिजन पर हमला कर दिया। हमले में भानू गंभीर रुप से घायल हो गये। 4 नंबर को उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।