आठ जिलों में 2,400 करोड़ की 15 परियोजनाएं मंजूर, 187वीं बैठक में रेरा ने दी स्वीकृति

0
61
लखनऊ। उप्र रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (रेरा) ने मुख्यालय पर 187वीं बैठक में 15 नई परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। आठ जिलों में यह परियोजनाएं 2,434 करोड़ रुपये से तैयार की जाएंगी। लखनऊ व शाहजहांपुर में सबसे अधिक तीन-तीन आवासीय व व्यावसायिक परियोजनाएं विकसित की जाएंगी।
शुक्रवार को बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने की। इस दौरान परियोजनाओं के प्रस्ताव रखे गए। कुल 15 रियल एस्टेट परियोजनाओं में लखनऊ में 3, शाहजहांपुर में 3, मथुरा में 2, मुरादाबाद में 2, गाजियाबाद में 2 व हापुड़, नोएडा और झांसी में 1-1 परियोजना काे मंजूरी दी गई। इनमें कुल निवेश 2,434 करोड़ अनुमानित है। परियोजनाओं के माध्यम से 3,043 फ्लैट, 98 प्लॉट और 50 शॉप्स विकसित किए जाएंगे। इनमें अधिकांश परियोजनाएं आवासीय हैं, जबकि व्यावसायिक परियोजनाएं मुरादाबाद, गाजियाबाद और हापुड़ में स्वीकृत की गई हैं।
शाहजहांपुर व पीतल नगरी को और मिलेगी पहचान
शाहजहांपुर में सबसे अधिक तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। यह क्षेत्र अब तेजी से उभरते हुए रियल एस्टेट केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है। पीतल उद्योग के लिए प्रसिद्ध मुरादाबाद की स्वीकृत 2 परियोजनाओं में एक आवासीय और एक व्यावसायिक परियोजना शामिल है। इनमें आधुनिक अपार्टमेंट्स, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और ऑफिस स्पेस तैयार किए जाएंगे, जो शहर की पहचान को और भी आधुनिक स्वरूप देंगे। इससे न केवल रोजगार बढ़ेगा बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था में भी नई जान आएगी।
मथुरा में तीर्थ व पर्यटन को दिया ध्यान
धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण ब्रज नगरी मथुरा में भी 2 नई आवासीय परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। ये योजनाएं तीर्थ, पर्यटन और स्थानीय मांग को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही हैं। इन परियोजनाओं से मथुरा के रियल एस्टेट सेक्टर को नई गति मिलेगी और शहर में आधुनिक आवासीय ढांचे का विकास होगा। इसी तरह गाजियाबाद और हापुड़ में स्वीकृत व्यावसायिक परियोजनाएं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के व्यापारिक और औद्योगिक ढांचे को और मजबूत करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here