‘बाजारों में सादे कपड़ों में गश्त, CCTV से निगरानी’ …धनतेरस पर व्यापारियों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम

0
46
धनतेरस से दीपावली तक व्यापारियों और बाजारों की सुरक्षा के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष इंतजाम किए हैं। सराफा और अन्य कारोबारियों के पास नकदी अधिक होने पर उन्हें घर से दुकान और बैंक तक आने-जाने के दौरान सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके लिए व्यवसायियों को संबंधित जोन के डीसीपी और थाने के इंस्पेक्टर को कॉल कर सूचना देनी होगी। राजधानी के सभी बाजारों, खासकर सराफा मार्केट में, सादे कपड़ों में पुलिस की टीम लगातार गश्त करेगी। वहीं, सीसीटीवी कैमरों से पूरे बाजार और संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी।
पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने इसके लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार, व्यवसायियों की लोकेशन के आधार पर पुलिस कर्मियों को भेजा जाएगा, जो उन्हें सुरक्षित रूप से बैंक, घर और प्रतिष्ठान तक पहुंचाएंगे। बाजारों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से संदिग्धों की निगरानी की जाएगी। बैंक के आसपास सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं और बैंक के सीसीटीवी कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। इसके अलावा, स्मार्ट सिटी और सेफ सिटी के सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी होगी।
सुबह 10 बजे से पुलिस की ड्यूटी शुरू होगी और देर रात तक गश्त जारी रहेगी। बाजारों की गलियों में पीआरवी-11 और अन्य पुलिस कर्मी लगातार नजर बनाए रखेंगे। जरूरत पड़ने पर व्यापारी संबंधित क्षेत्र के डीसीपी और इंस्पेक्टर को सूचना देंगे, उसके बाद सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी। जेल से छूटे बदमाशों पर पुलिस सर्विलांस रखेगी और मुखबिरों की मदद से उनकी गतिविधियों पर नजर होगी। पूर्व में हुई लूटपाट की वारदातों और घटनास्थलों की सूची तैयार की गई है। टप्पेबाजों और संदिग्धों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here