अखिलेश यादव का आरोप- भाजपा सरकार ने बिजली व्यवस्था को किया बर्बाद, कटौती से लोगों का जीना दूभर

0
56
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर प्रदेश की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह चौपट करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि बिजली निगम खुद अपने ही नियम–कायदों की धज्जियां उड़ा रहा है।
अखिलेश यादव ने यहां जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह से चौपट कर दिया है और ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार की मंशा बिजली व्यवस्था को पूंजीपतियों के हाथों गिरवी रखने की है। उन्होंने कहा, “आए दिन बिजली कटौती और बिजली दरों में वृद्धि से लोगों का जीना दूभर हो गया है।
‘पावर कारपोरेशन’ (बिजली निगम) खुद अपने कायदे–कानूनों की धज्जियां उड़ा रहा है। उपभोक्ता को ‘प्रीपेड’ या ‘पोस्टपेड’ मीटर चुनने का प्रावधान है, लेकिन विभागीय मनमानी की जा रही है। निगम ने नए कनेक्शन के साथ ‘प्रीपेड’ मीटर लेना अनिवार्य कर दिया है।”
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार उपभोक्ताओं को महंगी बिजली देकर और घरों पर स्मार्ट मीटर लगाकर लूट रही है। उन्होंने कहा, ‘‘गरीबों के लिए विद्युत कनेक्शन की लागत पहले जहां एक हजार रुपये थी, अब बढ़कर छह हजार रुपये कर दी गई है। भाजपा सरकार की शह पर बिजली निगम अपने इकतरफा निर्णय थोपने पर आमादा है।’’
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया, “मुनाफाखोरी, कंपनियों से चंदा वसूली और ठेकों में कमीशनखोरी के चलते महंगाई बेतहाशा बढ़ गई है। भाजपा ने ठेले, पटरी वालों से लेकर छोटे दुकानदारों, कारोबारियों और कारखानों तक, सभी के बिजली कनेक्शनों में लूट मचा रखी है।’’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here